मुम्बई (Shabddrang news) : महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक दलों के बीच अशोभनीय टिप्पणियों की बाढ़ आ गई है। हाल ही में शिवसेना (यूबीटी) के सांसद अरविंद सावंत ने एक अपमानजनक टिप्पणी करते हुए न केवल अपने सम्मान को गिराया, बल्कि महिलाओं की गरिमा का भी अपमान किया। उन्होंने शिवसेना (शिंदे गुट) की मुंबा देवी की उम्मीदवार साइना एनसी को “माल” कहकर संबोधित किया, जो गंभीर रूप से अश्लील और नारी गरिमा को ठेस पहुँचाने वाली टिप्पणी है।
साइना एनसी ने इस पर पलटवार करते हुए अरविंद सावंत को “ओछी मानसिकता” का व्क्ति बताया और उनके खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई। चुनाव आयोग को इस विषय को गंभीरता से लेकर इस तरह की अशोभनीय टिप्पणियों पर रोक लगानी चाहिए।
अरविंद सावंत का कहना था कि “इंपोर्टेड माल यहां नहीं चलेगा,” जिसमें उनका आशय यह था कि साइना एनसी ने भाजपा छोड़कर शिवसेना (शिंदे गुट) का समर्थन किया है। मुंबा देवी सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी अमीन पटेल के विरुद्ध चुनाव लड़ने वाली साइना एनसी फैशन डिज़ाइनर और ग्लैमर जगत से संबंधित हैं। भाजपा ने भी इस अपमानजनक टिप्पणी की निंदा की है।